रायपुर, टीम पत्रवार्ता, 29 जून 2026।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन माह बढ़ाने की घोषणा की है। इस निर्णय से अधिक से अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी और योजना के आकर्षक प्रावधानों का लाभ उठाकर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित संत कबीर जयंती महोत्सव के दौरान की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों को राहत देने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार जनहितकारी निर्णय ले रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि योजना की अवधि बढ़ने से ऐसे उपभोक्ताओं को विशेष लाभ मिलेगा जो किसी कारणवश अब तक अपने लंबित बिजली बिल जमा नहीं कर सके हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी पात्र उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आवास, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय विकास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ आम लोगों को राहत देने वाले निर्णय भी लगातार लिए जा रहे हैं।


0 Comments