रायपुर, टीम पत्रवार्ता, 26 जून 2026
नवा रायपुर में विकसित किए जा रहे टेक्सटाइल पार्क में पहली गारमेंट निर्माण इकाई की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। 235 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली इस यूनिट से 4600 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। 25 जून को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इस परियोजना का भूमिपूजन किया।
तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड यहां बच्चों के परिधानों (किड्सवियर) और निट गारमेंट्स का निर्माण करेगी। कंपनी का लक्ष्य यूरोपीय और अमेरिकी बाजारों के लिए निर्यात-उन्मुख उत्पादन करना है।
राज्य सरकार 81 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक टेक्सटाइल पार्क विकसित कर रही है। पार्क में टेक्सटाइल, गारमेंट, तकनीकी वस्त्र तथा सहायक उद्योगों के लिए आवश्यक अधोसंरचना तैयार की जा रही है। स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के अलावा पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भी भूमि आवंटित की जा चुकी है। इन तीनों इकाइयों में लगभग 445 करोड़ रुपये के निवेश से 11 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने का अनुमान है।
टेक्सटाइल पार्क में सड़क, जल निकासी, विद्युत उपकेंद्र, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, प्रशासनिक भवन, व्यावसायिक परिसर, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र तथा कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे इसे निवेशकों के लिए आधुनिक औद्योगिक केंद्र के रूप में तैयार किया जा सके।
औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल एवं रेडीमेड गारमेंट्स को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में शामिल किया गया है। नीति के तहत रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए महिला कर्मचारियों पर प्रति माह 6 हजार रुपये तथा पुरुष कर्मचारियों पर 5 हजार रुपये तक की रोजगार सहायता पांच वर्षों तक देने का प्रावधान है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क प्रदेश के युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के बड़े अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को विश्वस्तरीय अधोसंरचना उपलब्ध कराने और छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी टेक्सटाइल एवं गारमेंट निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है।


0 Comments