जशपुर,टीम पत्रवार्ता,20 फरवरी 2026
जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।खबर है कि मामले में 8 युवकों को हिरासत में लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता अपने रिश्तेदार के घर से अपनी बड़ी बहन के साथ वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में पिकनिक मनाकर लौट रहे कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दो युवकों ने जबरन दोनों को पकड़ लिया। घटना के दौरान नाबालिग पीड़िता की दीदी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर भागने में सफल रही,जबकि नाबालिग को आरोपियों ने निशाना बनाते हुए सामूहिक दुष्कर्म किया।
बताया जा रहा है कि 17 फरवरी को आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद गांव में बैठक कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश भी की गई थी। बाद में समाज के जागरुक समाज सेवियों की मदद से मामला पुलिस तक पहुंचा जिसमें जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देश पर नारायणपुर थाना में तत्काल एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरु की गई।सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराकर जांच प्रारंभ कर दी है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। वहीं नाबालिग का साथ देने वालों पर आरोपी पक्ष द्वारा लगातार धमकी देकर दबाव बनाने का प्रयास किये जाने की खबर सामने आ रही है।
एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि मामले में नारायणपुर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरु कर दी है।नारायणपुर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध 137,87,96,64, 65(1),70(1),70(2),127(2)351(2) व पॉक्सो एक्ट की धारा 5,6 के तहत एफआईआर दर्ज किया है।मामले की जांच की जा रही है।



0 Comments