जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 3 नवंबर 2026
जिले के मनोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम डीहडांड में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। गांव के समस्त ग्रामीणों की ओर से 3 नवंबर 2026 को जिला कलेक्टर जशपुर के नाम आवेदन सौंपकर प्रस्तावित शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने आवेदन में बताया है कि शासन द्वारा ग्राम डीहडांड में जिस स्थान पर शराब दुकान खोलने का प्रस्ताव लिया गया है, वह आबादी क्षेत्र, स्कूल, मंदिर तथा महिलाओं के मुख्य आवागमन मार्ग के बेहद नजदीक है। ऐसे स्थान पर शराब दुकान खुलने से गांव का शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित होने और सामाजिक अशांति की आशंका है।
आवेदन में ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि शराब दुकान खुलने से महिलाओं, बच्चों और छात्राओं के आवागमन में सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसके साथ ही गांव में असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने तथा सामाजिक वातावरण प्रभावित होने की भी चिंता व्यक्त की गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जनहित एवं ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शराब दुकान पर तत्काल रोक लगाने और आबादी क्षेत्र से दूर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर इसे स्थानांतरित करने की मांग की है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने अपने आवेदन के साथ ग्रामीणों के हस्ताक्षर एवं ग्रामसभा का प्रस्ताव भी संलग्न किया है। आवेदन की प्रतिलिपि जिला आबकारी अधिकारी जशपुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जशपुर, तहसीलदार मनोरा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मनोरा तथा जशपुर विधायक एवं सांसद को भी भेजी गई है।
अब ग्रामीणों की इस मांग पर जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।


0 Comments