जशपुर, 17 फरवरी 2026
जिले के पोरतेंगा स्थित आदर्श गोठान में बड़े पैमाने पर अनियमितता और गौवंश गायब होने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले में गौ रक्षक व शिकायतकर्ता कृपा शंकर भगत ने जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार वर्ष 2020-21 से अब तक जशपुर जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों से लगभग 1400 गौवंश पकड़े गए जिनमें से अधिकांश गौ वंश ग्राम पंचायत पोरतेंगा के आदर्श गोठान को सुपुर्द किए गए थे। आरोप है कि वर्तमान में गोठान परिसर में एक भी गौवंश मौजूद नहीं है,न ही उक्त आदर्श गौठान में गौ वंश के लिए कोई साधन सुविधा है। पूरे मामले में भारी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
उन्होंने सीधे साफ शब्दों में कहा है कि आदर्श गौठान की आड़ में बड़े गौ वंश तस्करी का सिंडिकेट चल रहा है जिसमें जांच व कार्यवाही की आवश्यकता है।
शिकायत में पूर्व सरपंच रोहित खलखो पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि किसानों के आधार कार्ड लेकर गौवंश को उनके नाम पर दर्शाया गया और बाद में कथित रूप से गौ तस्करों एवं गौ हत्यारों को बेच दिया गया। यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो यह न केवल शासकीय संपत्ति के दुरुपयोग का मामला होगा, बल्कि पशु क्रूरता और अवैध व्यापार से जुड़ा गंभीर अपराध भी माना जाएगा।
मामले को लेकर अब स्थानीय गौसेवकों में लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। शिकायत पत्र जिला कलेक्टर कार्यालय जशपुर में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कितनी तत्परता से जांच करता है और सच्चाई सामने लाता है। यदि 1400 गौवंश के गायब होने की पुष्टि होती है तो यह जिले का अब तक का बड़ा गोठान घोटाला साबित हो सकता है।
मामले में एडिशनल एसपी राकेश कुमार पाटनवार ने जांच की बात कही है।



0 Comments