जशपुर,टीम पत्रवार्ता,04 जुलाई 2025
तीन साल पहले कुएं में डूबने से हुई एक व्यक्ति की मौत के बाद लंबे समय तक भटकते रहे परिजनों को आखिरकार इंसाफ मिल गया। फरसाबहार तहसील के ऊपर कछार निवासी क्रांति नायक द्वारा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, बगिया में अपनी समस्या रखने पर मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपए की मुआवजा राशि जारी की गई।
परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद से वे लगातार मुआवजे के लिए प्रशासन से गुहार लगा रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। तब उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए शुरू किए गए बगिया कैंप कार्यालय में अपनी समस्या रखी। मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचते ही उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रशासन की तत्परता से अब परिजनों को 3 वर्षों से लंबित मुआवजा राशि प्राप्त हो गई है। मुआवजा मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा
“बगिया कैंप कार्यालय हमारे जैसे आम और ग्रामीण लोगों के लिए एक संजीवनी है। मुख्यमंत्री की यह पहल हम जैसे गरीब परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण है।”
यह घटना साबित करती है कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, बगिया सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का माध्यम बन चुका है।
टीम पत्रवार्ता | जशपुर
0 Comments