जशपुर,टीम पत्रवार्ता,17 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हालिया जशपुर प्रवास के तत्काल बाद बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन की दिशा में बड़ा निर्णय लिया गया है। राज्य शासन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा को 30 बिस्तरीय से उन्नत कर 100 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में विकसित करने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इसके साथ ही अस्पताल के सुचारु संचालन के लिए 94 नए पदों की स्वीकृति का आदेश भी जारी कर दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जशपुर ने बताया कि यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्पष्ट निर्देशों और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दूरदर्शी नीति का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए केवल 30 बिस्तरीय भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई थी, जिसकी लागत लगभग 243.72 लाख रुपये निर्धारित थी। यह स्वीकृति भवन संरचना तक सीमित थी, जिससे अस्पताल की चिकित्सा क्षमता निर्धारित नहीं होती थी।
राज्य में नई सरकार के गठन के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में वर्ष 2024 में बगीचा सीएचसी को 100 बिस्तरीय अस्पताल में उन्नयन की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अंतर्गत शासन द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सक, मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल एवं अन्य सहायक कर्मचारियों सहित कुल 94 पदों को मंजूरी दी गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुछ माध्यमों में 100 बिस्तरीय अस्पताल को 30 बिस्तरीय किए जाने संबंधी जो प्रचार किया जा रहा है, वह पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है। वास्तविकता यह है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार बगीचा अस्पताल को 100 बिस्तरीय स्तर तक उन्नत किया गया है और इसके लिए आवश्यक मानव संसाधन की भी विधिवत स्वीकृति प्रदान की गई है।
बगीचा अस्पताल के उन्नयन से क्षेत्र की जनता को अब बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। गंभीर रोगों के उपचार, विशेषज्ञ सेवाओं और भर्ती की सुविधा के लिए अब मरीजों को जिला या संभाग मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।



0 Comments