जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 08 सितंबर 2025
जशपुर जिले के बगीचा ब्लॉक अंतर्गत जुरुडांड गांव में गणेश विसर्जन के दौरान हुए हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया। इस हादसे में चार लोगों की मौत और कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद जहां शासन प्रशासन ने त्वरित राहत और सहायता दी, वहीं कांग्रेस पर शवों की राजनीति करने का गंभीर आरोप लग रहा है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सोमवार को जुरुडांड पहुंचे और मृतक व घायलों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में भाजपा और साय सरकार हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़ी है। उनके साथ जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, महामंत्री मुकेश शर्मा,शंकर गुप्ता,मंडल अध्यक्ष हरीश यादव समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
पीड़ित परिवारों की व्यथा
मृतक डमरूधर यादव के बेटे केशव यादव ने बताया कि हादसे के बाद इलाज और राहत में शासन-प्रशासन ने पूरा सहयोग किया।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के कुछ लोग उनके पास आए और कहा कि शव का अंतिम संस्कार मत करो, हम 50 लाख रुपये मुआवजा दिलवाएंगे।
मृतका खीरोवती यादव के पति हरीश यादव और उनके छोटे बच्चों से मिलकर प्रबल प्रताप ने ढांढस बंधाया और बच्चों को स्नेह का स्पर्श देते हुए हर प्रकार की मदद का आश्वासन दिया।
मृतक विपिन प्रजापति के पिता देवनारायण प्रजापति ने बताया कि जब श्मशान में अंतिम संस्कार की तैयारी हो रही थी, तब कांग्रेसजन चिता से शव उतारकर चक्काजाम में शामिल होने का दबाव बना रहे थे। उन्होंने कहा कि इस हरकत से उनकी सामाजिक व्यवस्था और धार्मिक परंपराएं आहत हुई हैं।
मृतक अरविंद केरकेट्टा के परिजनों से भी जूदेव ने मुलाकात की और छोटी बहन व पिता को आश्वस्त किया कि साय सरकार उनके साथ है। उन्होंने यह भी कहा कि आगे चलकर बेटी की शादी जैसे सामाजिक अवसरों पर भी सरकार और भाजपा कार्यकर्ता हर संभव सहयोग करेंगे।
साय सरकार की संवेदनशीलता
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने संवेदनशीलता का परिचय दिया है। घटना के तत्काल बाद मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।जो जल्द ही पीड़ितों के परिजनों के खातों में आ जाएगी।
पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस भीषण हादसे के बाद शवों पर राजनीति करने की ओछी और अमानवीय हरकत की है। अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील और सामाजिक संस्कार को रोकने का प्रयास किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।
जूदेव ने कहा कि कांग्रेस के लोग श्मशान से शव को चिता से उतारकर चक्काजाम में ले जाने की कोशिश कर रहे थे। यह मानवीय मूल्यों और सामाजिक परंपराओं का सरासर अपमान है। उन्होंने इसे सामाजिक अपराध बताते हुए कहा कि इस प्रकार की घृणित राजनीति केवल कांग्रेस ही कर सकती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने न केवल मृतकों और उनके परिजनों की संवेदनाओं को आहत किया, बल्कि पूरे समाज की व्यवस्था को भी खंडित करने का कुत्सित प्रयास किया है। जूदेव ने साफ कहा कि शवों पर राजनीति कर कांग्रेस ने अपनी असंवेदनशीलता और अवसरवादिता का परिचय दिया है। यह कार्य निंदनीय ही नहीं बल्कि समाज और संस्कृति के खिलाफ भी है। उन्होंने मांग की कि इस घिनौने कृत्य के लिए कांग्रेसियों को तुरंत पीड़ित परिवारों और जनता से माफी मांगनी चाहिए।
0 Comments