रायपुर, टीम पत्रवार्ता, 18 जुलाई 2026।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर एवं जांजगीर-चांपा जिलों में अतिवृष्टि और जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और हर जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर राहत एवं सहायता पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक सेवाएं बिना विलंब उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जलनिकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और जनसुविधाओं की शीघ्र बहाली के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत कार्यों में कोई बाधा न आए।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।


0 Comments