जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 27 जून 2025
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दोकड़ा गांव पहुंचेंगे, जहां वे श्री जगन्नाथ रथयात्रा में शामिल होकर ‘गजपति महाराजा’ की परंपरागत भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी इस ऐतिहासिक अवसर पर मौजूद रहेंगी।
रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का रथ खींचेंगे। रथयात्रा की भव्यता को लेकर गांव में विशेष उत्साह का माहौल है। रथ को पारंपरिक फूल-मालाओं, कपड़ों और सजावटी सामग्रियों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। यात्रा दोकड़ा मंदिर परिसर से शुरू होकर मौसी बाड़ी तक जाएगी, जहां विशेष पूजा-अर्चना होगी।
ओडिशा की परंपरा के अनुसार रस्में
पूरे कार्यक्रम में ओडिशा के पुरी जगन्नाथ मंदिर की परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ओडिशा से विशेष रूप से आमंत्रित पंडितों द्वारा विधिविधानपूर्वक पूजा और अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। कीर्तन मंडलियों और भव्य झांकियों की प्रस्तुतियां भी रथयात्रा में आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम
हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यातायात व्यवस्था, मेडिकल सहायता और पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री साय रात्रि विश्राम बगिया स्थित अपने निज निवास में करेंगे।
क्षेत्र में बना भक्ति और उल्लास का माहौल
पूरे दोकड़ा क्षेत्र में इन दिनों उत्सव जैसा माहौल है। श्रद्धालुओं में मुख्यमंत्री को ‘गजपति महाराजा’ की भूमिका में देखने का खास उत्साह है। इस आयोजन को सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
0 Comments